logo

न्यूक्लियस मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल को ईडी ने किया गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेशी

न्यूक्लियस मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल को ईडी ने किया गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेशी

द फॉलोअप डेस्कः
कारोबारी विष्णु अग्रवाल से सोमवार को पूछताछ के बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने विष्णु अग्रवाल को तीसरा समन कर पूछताछ के लिए बुलाया था। सोमवार शाम करीब चार बजे वह ईडी कार्यालय पहुंचे। विष्णु अग्रवाल को ईडी ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। ईडी विष्णु अग्रवाल को आज ईडी की विशेष अदालत में पेश करेगी। उसके बाद रिमांड में लेकर पूछताछ की जा सकती है। चेशायर होम रोड जमीन खरीद-बिक्री मामले में यह तीसरी गिरफ्तारी है। जबकि जालसाजी के मामले में यह 13वीं गिरफ्तारी है। बता दें कि पिछली बार 26 जुलाई को ईडी ने उनको बुलाया था लेकिन पूजापाठ का हवाला देते हुए उन्होंने मेल कर समय मांगा था। उससे पहले 17 जुलाई को ईडी ने उनको पूछताछ के लिए बुलाया था। लेकिन उस दिन भी वह हाजिर नहीं हुए थे। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए समय की मांग की थी।

 
क्या है आरोप 
विष्णु अग्रवाल पर फर्जीवाड़ा कर रांची में अलग-अलग जमीन की खरीद-बिक्री का आरोप है। चेशायर होम रोड की एक एकड़ जमीन के मूल दस्तावेज में छेड़छाड़ कर जमीन के असली रैयत का नाम बदलने और जमीन की रजिस्ट्री और म्यूटेशन करवा लेने के आरोपों की पुष्टि हो चुकी है। दरअसल ईडी ने बड़गाई अंचल कार्यालय और कोलकाता स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में सर्वे करने के बाद चेशायर होम रोड से संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए थे। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर दस्तावेज को जांच के लिए गुजरात स्थित फॉरेंसिक लैब भेजा था। फॉरेंसिक जांच में जमीन के मूल दस्तावेज में छेड़छाड़ करने पहले की लिखावट को मिटा कर उसकी जगह दूसरे तथ्यों को जोड़ने की पुष्टि की गई। ईडी ने सिरमटोली चौक के पास स्थित सेना के कब्जे वाली एक अन्य जमीन व पुगड़ू की एक जमीन की खरीद-बिक्री मामले में भी विष्णु अग्रवाल के खिलाफ जांच तेज कर दी है। गौरतलब है कि जमीन से जुड़े मामले को लेकर खुलासा तब हुआ जब रांची के अफसर अली को ईडी ने गिरफ्तार किया। इससे पहले साल 2022 के चार नवंबर को जमीन घोटाले में विष्णु अग्रवाल के कई ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT