logo

रांची : थाईलैंड भागने वाला था विशाल चौधरी, एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा

थाईलैंड भागने वाला था विशाल चौधरी, एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा

रांचीः 
राजनेताओं और नौकरशाहों के करीबी विशाल चौधरी जिनके घर मई माह में ईडी की रेड पड़ी थी, वह भारत छोड़कर फरार होने की तैयारी कर रहे थे। गुरुवार को एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें और उनकी पत्नी को पकड़ा। दरअसल मनरेगा घोटाला मामले में विशाल चौधरी को ईडी के सामने हाजिर होना है लेकिन वह  इडी के समक्ष हाजिर होने के बदले थाइलैंड जा रहे थे। दिल्ली एयरपोर्ट पर दोनों को पकड़ा गया है। सुरक्षाकर्मियों ने इस बात की जानकारी ईडी को दे दी। इसके बाद ईडी के अधिकारी पहुंचे और विशाल के हाथ में समन थमा दिया औऱ कहा 28 नवंबर को रांची स्थित ईडी कार्यालय आइए। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। 


समन जारी होने पर भी नहीं हुआ हाजिर 
मालूम हो कि 24 मई को जब विशाल चौधरी के घर ईडी की रेड पड़ी थी तब ईडी अधिकारी उसे अपने कार्यालय ले गये थे। कुछ देर पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था। पूछताछ के लिए फिर से समन भेजा गया था लेकिन वह हाजिर नहीं हुआ। बार बार समन जारी करने के बावजूद हाजिर नहीं हुआ तो ईडी को शक हुआ कि कहीं विशाल चौधरी विदेश जाने की तैयारी तो नहीं कर रहा। इसलिए उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया था। इस नोटिस के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर थाईलैंड जाने के क्रम में जहाज से उतार कर दिल्ली ईडी को सूचना दी। 
 

अधिकारियों का पूरा ध्यान रखता था विशाल 

चौधरी को झारखंड के ब्यूरोक्रेट्स का सबसे भरोसेमंद बंदा कहा जाता है। छोटे से लेकर बड़े पदाधिकारी तक हर जगह उसकी अपनी धमक है। अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग में इसकी पसंद का ख्याल रखा जाता था। विशाल चौधरी मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। रांची में फ्रंटलाइन ग्लोबल जैसी कई कंपनियां बनाकर इसने झारखंड में सरकारी टेंडर हासिल किया। स्किल इंडिया के कई प्रोजेक्ट पर भी यह काम कर रहा है। अशोक नगर रोड नंबर 6 स्थित विशाल का घर देखने में सामान्य सा लगता है, लेकिन यहां रातें रंगीन हुआ करती थी। प्रदेश के कई नौकरशाह यहां हाजिरी लगाते हैं। विशाल विदेश में घूमने और महंगी गाड़ियों का भी शौकीन बताया जाता है।