logo

रांची : विशाल चौधरी नहीं पहुंचे ईडी कार्यालय, पूछताछ के लिए बुलाया गया था

विशाल चौधरी नहीं पहुंचे ईडी कार्यालय, पूछताछ के लिए बुलाया गया था

द फॉलोअप डेस्क

मनरेगा घोटाला मामले के आरोपी विशाल चौधरी सोमवार को ईडी नहीं पहुंचे। 28 नवंबर को विशाल चौधरी को ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। मगर मिली जानकारी के अनुसार विशाल चौधरी की ओर से ईडी को किसी प्रकार की सूचना नहीं दी गई थी। इस कारण ईडी कार्यालय में अधिकारी इंतजार करते रहे। मालूम हो कि बीते गुरुवार को विशाल चौधरी और उनकी पत्नी को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा था। सूचना पर पहुंचे ईडी के अधिकारियों ने विशाल के हाथ में समन पकड़ा कर 28 नवंबर को रांची स्थित स्थित कार्यालय में हाजिर होने का निर्देश देकर छोड़ा था। बताते चलें कि पूर्व में प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे छोड़ गया था। दोबारा पूछताछ के लिए समन भेजा गया था, लेकिन वह नहीं आया। बार-बार समन करने के बावजूद हाजिर नहीं होने के कारण विशाल चौधरी के विदेश भागने की आशंका को लेकर ईडी ने उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया था। कहा जाता है कि विशाल चौधरी को झारखंड के ब्यूरोक्रेट्स का सबसे भरोसेमंद कैंडिडेट्स है।

24 मई को आवास पर हुई थी छापेमारी

ईडी ने 24 मई को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर रोड नंबर- 6 निवासी विशाल चौधरी के आवास पर छापेमारी की थी। तब कूड़ेदान से उसका आई फोन और कई अहम कागजात ईडी ने प्राप्त किया था। बताया जा रहा है कि विशाल चौधरी मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। फ्रंटलाइन ग्लोबल जैसी कई कंपनियां बनाकर इसने झारखंड में सरकारी टेंडर हासिल किया और स्किल इंडिया के कई प्रोजेक्ट पर भी यह काम कर रहा है। कहा जाता है कि विशाल को विदेश घूमने के साथ महंगी गाड़ियों का भी शौक है। यही वजह है कि बीते दो सालों में तुर्की, श्रीलंका, स्विट्जरलैंड, इंडोनेशिया, यूएई आदि देश का वह दौरा कर चुका है।