रांची :
24 मई की सुबह ईडी की टीम ने विशाल चौधरी के अशोक नगर वाले आवास पर छापेमारी की थी। अब तक आप सब विशाल चौधरी को पहचान ही गये होंगे। बता दें कि एक टाईम था जब विशाल चौधरी की राज्य के अहम विभागों में तूती बोलती थी। वह गृह विभाग, श्रम विभाग, ऊर्जा विभाग में अहम निर्णय लिया करता था। 2016-17 में विशाल ने स्किल डेवलमेंट मिशन में फ्रंटलाइन ग्लोबल सर्विसेज का काम उठाया था। यह काम एक करोड़ का था।

बंद हो गया ऑफिस
पहाड़ी मंदिर के पास स्किल डेवलमेंट का ऑफिस खोला गया था, जहां कंप्यूटर प्रशिक्षण के नाम पर फर्जी छात्रों का दाखिला लिया गया। नगर प्रशासन विभाग द्वारा स्किल डेवलपमेंट का काम दिया गया। लेकिन जब बाद में यह बात सामने आयी कि जिन छात्रों का दाखिल हुआ है वह फर्जी है, तब यह कार्यालय बंद हो गया। इसके बाद अरगोड़ा चौक में फ्रंटलाइन ग्लोबल सर्विसेज और विनायका का ऑफिस खुला। उसी विनायका के जरिये विशाल सप्लाई आदि का काम करता था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलों में कोरोना किट बांटने का काम भी विनायका को मिला था। विशाल चौधरी पीएचडी चेंबर ऑफ कॉमर्स झारखंड का अध्यक्ष भी था।

ऊर्जा विभाग में भी
विशाल की वर्ष 2019-20 में झारखंड ऊर्जा विकास निगम में भी खूब चलती थी। उस दौरान कोई भी अहम फैसला हो या ट्रांसफर-पोस्टिंग का काम हो, संचिका पहले ृविशाल चौधरी के कार्यालय में जाती थी. फिर, विशाल डील करता था। अंतिम रूप से नाम भेजे जाने के बाद ही किसी पदाधिकारी का पदस्थापन हो पाता था। महत्वपूर्ण टेंडर भी मैनेज करने का काम विशाल करता था।