रांचीः
ग्रामीण विकास विभाग के चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम को आज ईडी कोर्ट में पेश किया गया। यह पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए न्यायाधीश पी के शर्मा की कोर्ट में हुई। 23 मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ा दी है। बता दें कि तीन बार वीरेंद्र राम को ईडी ने रिमांड पर लिया था। 12 दिनों तक ईडी ने रिमांड पर पूछताछ की थी। 7 मार्च को ईडी के स्पेशल जज के आवास पर उसकी पेशी हुई थी। वहां से उसे जेल भेज दिया गया था। मालूम हो कि वीरेंद्र राम को सबसे पहले ईडी कोर्ट ने 23 फरवरी को 5 दिनों की रिमांड पर भेजा था। इसके बाद 28 फरवरी को 4 दिनों के लिए। फिर तीसरी बार 3 दिनों के लिए।

22 फरवरी को हुई थी छापेमारी
बता दें कि बीते 22 फरवरी को वीरेंद्र राम के ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी। यह छापेमारी 2 दिन तक लगातार जारी थी। उसके अशोक नगर वाले आवास से 1.50 करोड़ से अधिक के जेवरात मिले थे। वहीं दर्जनों वाहन ईडी को मिला था। करीब 25 लाख रुपये नगदी भी बरामद की गई थी। ईडी ने वीरेंद्र राम के विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी थी। कचहरी चौक के पास अभियंत्रण भवन में स्थित कार्यालय, अशोकनगर, सहित वीरेंद्र राम से जुड़े रांची, जमशेदपुर, दिल्ली, सिवान, सिरसा के 24 ठिकानों पर यह रेड चली थी। जिसके बाद करोड़ों के निवेश के दस्तावेज बरामद हुए थे।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT
