logo

पलामू में काली पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान हिंसक झड़प, दो पक्षों में मारपीट और जमकर पत्थरबाजी

पलामू में काली पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान हिंसक झड़प, दो पक्षों में मारपीट और जमकर पत्थरबाजी

पलामू:
Plamu News:
पलामू जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत लहलहे पंचायत के सिंदुरिया गांव में काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और पत्थरबाजी में तब्दील हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, पथराव में पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। उपद्रव के दौरान पुलिस वाहन के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया।

कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हिंदू समुदाय के दो अलग-अलग वर्गों के लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी होने लगी। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग चोटिल हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस, पथराव में जवान भी घायल
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजेश यादव और सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान हुई पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। वहीं, पथराव के कारण पुलिस वाहन के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए।

एहतियातन गांव में पुलिस बल की तैनाती
सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय लोगों के बीच आपसी झड़प के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। पथराव में कई लोग और पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों, घायलों की संख्या और विवाद में शामिल लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Tags - Palamu Clash Sinduria Violence Jharkhand News Kali Puja Visarjan Palamu Police Action