द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के कुसमाडीह पंचायत भवन में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बीडीओ ललितनारायण तिवारी पर युवकों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने मामले में एकतरफा कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

सैकड़ों ग्रामीणों ने निकाला प्रतिवाद मार्च
इसी के विरोध में आज भाकपा माले के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने सरिया हाई स्कूल स्टेडियम से प्रतिवाद मार्च निकाला। हाथों में तख्तियां लेकर और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी सरिया थाना पहुंचे, जहां उन्होंने थाना घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बीडीओ के रवैये की निंदा करते हुए स्थानीय प्रशासन पर ग्रामीणों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया।

मुकदमा वापस लेने की मांग
थाना घेराव के दौरान पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल ने निर्दोष ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेने और आरोपी बीडीओ के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। विनोद सिंह ने कहा कि जब तक बीडीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, ग्रामीण थाने में ही बैठे रहेंगे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।