logo

उपलब्धि : विनय कुमार बने केंद्र सरकार की हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य

vinay007.jpg

रांची
केन्द्र सरकार ने बिहार तथा झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार और समाचार एजेंसी यूनीवार्ता, यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया के बिहार-झारखंड के कोऑर्डिनेटर विनय कुमार को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किया है। इस समिति के अध्यक्ष केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान हैं। मंत्रालय के उप सचिव डीएसएस निवासा राव  द्वारा जारी पत्र के अनुसार मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति का पुनर्गठन किया गया है। इस समिति में लोकसभा और राज्यसभा के कई सदस्यों के अलावा भारतीय प्रशासनिक सेवा के सचिव तथा अध्यक्ष स्तर के अधिकारी भी बतौर सदस्य शामिल हैं। इस संबंध में भारत सरकार के गजट के माध्यम से अधिसूचना जारी कर दी गई है। 

सूरीनाम में विश्व हिंदी सम्मेलन में ले चुके हैं हिस्सा 

गौरतलब है कि विनय कुमार करीब साढ़े तीन दशक से बिहार और झारखंड में कई दैनिक समाचार पत्रों के अलावा राष्ट्रीय समाचार एजेंसी यूनीवार्ता, यूएनआई, हिंदुस्थान समाचार के ब्यूरो प्रमुख व विशेष संवाददाता के रूप में कार्य कर चुके है।  कुमार ने इसके पूर्व भी केंद्र सरकार के उपभोक्ता मामले खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, ग्रामीण विकास , इस्पात मंत्रालय समेत कई मंत्रालयों की विभिन्न समितियों के सदस्य के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन्होंने सूरीनाम में आयोजित सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन को भी एक पत्रकार के रूप में कवर किया था। कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन पर जो विश्वास व्यक्त किया गया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

Tags - Vinay Kumar appointed Central Government Hindi Advisory Committee