देवघर:
देवघर जिला के खागा थानाक्षेत्र के बगदाहा पंचायत में एक युवक को ग्रामीणों ने जूतों की माला पहनाई और फिर रस्सियों से बांधकर पूरे गांव में घुमाया। बताया जाता है कि युवक को कथित तौर पर गलत नीयत से एक आदिवासी महिला के घर में घुसने की सजा मिली। यह भी जानकारी मिली है को युवक को ग्रामीणों ने महिला के घर में घुसते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया और फिर पूरी रात खंभे से बांधकर रखा। युवक को गांव में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर घुमाने के बाद ग्रामीणों ने उसे पुलिस को सौंप दिया।

बगदाहा गांव का है पूरा मामला
पूरा मामला बगदाहा गांव का है। बताया जाता है कि यहां उत्तम महतो नाम का युवक सोमवार की देर रात को बगदाहा पंचायत अंतर्गत घोड़ादहा गांव में कथित तौर पर गलत नीयत से महिला के घर में दाखिल हो गया। युवक को घर में घुसा देखकर महिला और उसके परिजनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले तो युवक की जमकर पिटाई कर दी और फिर पूरी रात खंभे से बांधकर रखा। सुबह, उक्त युवक को जूते-चप्पलों की माला पहनाई और कमर में रस्सी बांधकर डुगडुगी बजाते हुए पूरे गांव में घुमाया।

ग्रामीणों ने युवक को पुलिस को सौंपा
युवक को गांव में घुमाने के बाद ग्रामीणों ने उसे खागा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि किसी भी पक्ष ने इस घटना को लेकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है या नहीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।