logo

करौं थाना प्रभारी और एक जवान को ग्रामीणों ने बनाया बंधक, साइबर अपराधियों को पकड़ने पहुंची थी पुलिस

firo.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
देवघर जिले के करौं थाना क्षेत्र के नगादरी गांव में संदिग्ध साइबर अपराधियों को पकड़ने पहुंचे करौं थाना प्रभारी और एक जवान को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। करीब चार घंटे तक थाना प्रभारी विपिन कुमार और जवान को ग्रामीणों ने अपने कब्जे में रखा। सीनियर पुलिस पदाधिकारियों को जब इसकी सूचना हुई तो बड़ी संख्या में पुलिस गांव पहुंची। पहले दोनों संदिग्ध को छोड़ा गया। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें मुक्त किया। 


बताया जा रहा है कि देवघर के साइबर थाना की पुलिस टीम करौं पुलिस के सहयोग से नगादरी में छापेमारी कर रही थी। सादे लिबास में पहुंची पुलिस ने हाफिज अंसारी और उसके भाई को हिरासत में लेकर कुछ दूर खड़े पुलिस वाहन में बैठा दिया था। दोनों युवकों को पकड़ने के बाद तीसरे युवक को पकड़ने के दौरान ग्रामीणों और महिलाओं से कुछ विवाद हो गया। दोनों ओर से धक्का-मुक्की होने लगी। इसी क्रम में इदरिश मौलाना की बीमार पत्नी को किसी से धक्का लग गया और वह गिरकर बेहोश हो गयी। इसके बाद दर्जनों ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पुलिस से उलझ पड़े। 


दोनों संदिग्धों को पुलिस ने छोड़ा
करौं थाना प्रभारी विपिन कुमार और एक जवान को पकड़ कर ग्रामीणों ने एक डीलर के घर में बंद कर दिया, जबकि साइबर थाना की पुलिस समेत अन्य अधिकारी और जवान वहां से बचकर निकल गए। इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गयी। जिसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। बातचीत के बाद पुलिस ने हाफिज अंसारी और उसके भाई को छोड़ दिया। तब ग्रामीण शांत हुए और शाम साढ़े चार बजे करौं थाना प्रभारी और एक जवान को छोड़ दिया। इसके बाद पुलिस के अधिकारी और जवान गांव से निकले।