बोरियो/साहिबगंज:
साहिबगंज के बोरियो थानाक्षेत्र अंतर्गत बिचपुरा गांव में बीती रात हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। यहां 2 बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ी गई। ग्रामीणों ने दोनों को बंधक बना लिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन ग्रामीण कथित प्रेमी युगल की शादी कराने पर अड़ गए। बताया जाता है कि बिचपुरा गांव निवासी 2 बच्चों की मां का कथित तौर पर चपगामा के रहने वाले एक विवाहित युवक के साथ प्रेम-संबंध था।

बीती रात प्रेमिका से मिलने आया था युवक
ग्रामीणों का दावा है कि इस शादीशुदा प्रेमी युगल के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम-संबंध है। दोनों अक्सर चोरी-छिपे मिलते थे। महिला 2 बच्चों की मां है, जबकि युवक ने हाल ही में पथरगामा में सामाजिक रीति-रिवाज के साथ विवाह किया था। मंगलवार की रात भी युवक, अपने शादीशुदा प्रेमिका से मिलने आया था कि तभी ग्रामीणों ने उन्हें कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया और पकड़कर बंधक बना लिया। इस दौरान युवक चुपचाप खड़ा रहा और युवती रोती-बिलखती नजर आई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी।

पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया
किसी ने घटना की जानकारी बोरियो थाना पुलिस को दी। पुलिस की एक टीम वहां पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी का वीडियो भी सामने आया जिसमें वह प्रेमी युगल के साथ मारपीट का प्रयास करने वाले ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लेने की चेतावनी देते नजर आए। काफी समझाइश के बाद पुलिस ने प्रेमी युगल को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया और अपने साथ थाने ले आई। समाचार लिखे जाने तक मामले की जांच जारी थी।