logo

Bokaro : शेर के डर से ग्रामीण भयभीत, ना खुद जा रहे जंगल ना मवेशियों को भेज रहे!

शेर के डर से ग्रामीण भयभीत, ना खुद जा रहे जंगल ना मवेशियों को भेज रहे!

बोकारो
बोकारो जिले के कसमार प्रखंड के कई गांवों के ग्रामीण इनदिनों भय में अपना जीवन काट रहे हैं। गांव वालो को शक है कि जंगल में शेर है जो पिछले 10 दिनों से उनके मवेशियों को मार दे रहा है। लगभग चार दशक बाद यहां के जंगलों में शेर दिखने की बात सामने आई है, इसके बाद से  ग्रामीण दहशत में हैं। वह ना तो खुद जंगल की ओर जा रहे हैं और ना ही अपने मवेशियों को भेज रहे हैं। यह मामला हिसीम पहाड़ पर बसे गांवों हिसीम, केदला, त्रियोनाला व गुमनजारा की है। 


कई मवेशी मारे गये 
पिछले दस दिनों में करीब आधा दर्जन मवेशियों को हिंसक पशु ने मौत के घाट उतार दिया है। गांव वालो का दावा है कि हमला शेर ही कर रहा है। गांव के कुछ युवाओं ने प्रभात खबर के पत्रकारों को प्रमाण के तौर पर घटनास्थल पर बिखरे कथित शेर के बाल दिखाए। घटनास्थल केदला और पेटरवार के रुकाम जंगल के बीचोबीच है। एक ग्रामीण कांदु मांझी के बैल पर बीते रविवार को हमला कर उसकी जान ले ली थी।  जब बैल की खोजबीन की गई तो उसे दो दिन बाद मृत पाया गया।


पहले था शेरों का बसेरा 
समाजसेवी देवशरण हेंब्रम के अनुसार, हिसीम-केदला का जंगल शेरों का बसेरा रहा है, लेकिन यह पांच दशक पुरानी बात है। वे बताते हैं कि केदला में तारुव डूंगरी नामक एक पहाड़ी है, जो शेरों का मुख्य ठिकाना था। कम से कम दो-तीन शेर उस डूंगरी में हमेशा रहते थे।देवशरण हेंब्रम के अनुसार, डूंगरी से जब शेर दहाड़ता था, तो उसकी आवाज गांव तक आती थी। डूंगरी झींक (शाही) का भी बसेरा रहा है। आज भी यहां काफी संख्या में शाही मौजूद है। यहां काफी लंबी गुफा भी है।