द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला में एक युवक के सामाजिक बहिष्कार का मामला सामने आया है। युवक की गलती इतनी भर थी कि उसने गांव की सड़क पर से स्लैब हटाने का विरोध किया था। इसी के एवज में रविवार को ग्रामसभा की बैठक बुलाई गई और इसमें ग्रामप्रधान ने युवक के सामाजिक बहिष्कार का फरमान जारी कर दिया। पीड़ित युवक का नाम राम हेंब्रम और फरमान सुनाने वाले ग्रामप्रधान का नाम बुधराम हेंब्रम है। यह मामला सरायकेला के बलरामपुर में पेश आया है।

सड़क अवरुद्ध करने का किया प्रयास
मिली खबर के अनुसार गांव से होकर जाने वाली सड़क पर कुछ दबंगों की नजर है। उन्होंने कुछ दिन पहले सड़क के पास की नाली पर से स्लैब हटाकर सड़क को अवरुद्ध कर दिया। इसी दरम्यान राम हेंब्रम की भगिनी जमुना बोदरा को सांप ने डस लिया। उसे इलाज के लिए शहर ले जाने जरूरत पड़ी। लेकिन नाली पर स्लैब नहीं होने के कारण जमुना बोदरा के घर तक चार पहिया वाहन पहुंच सका। इसी के बाद राम हेंब्रम ने दबंगों द्वारा नाली पर से स्लैब हटाने का विरोध किया। ये बात दबंगों को नागवार गुजरी। इधर, वाहन के घर तक नहीं पहुंचने से जमुना बोदरा की हालत गंभीर हो गयी। मुश्किल से उसकी जान बचायी जा सकी। राम हेंब्रम के अनुसार उसी दिन से उसके खिलाफ सामाजिक बहिष्कार की साजिश गांव में रची जाने लगी।

दबंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बहरहाल, गांव में इस विवाद को लेकर रविवार को ग्रामसभा की बैठक बुलाई गई। इसमें ग्रामप्रधान बुधराम हेंब्रम के अलावा शिशिर कुमार हेंब्रम उर्फ दिकू हेंब्रम, आनंद हेंब्रम, मादरू हेंब्रम उर्फ कांणा हेंब्रम, विश्वकर्मा हेंब्रम उर्फ पान्डू हेंब्रम समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामप्रधान की ओऱ से जारी फरमान में कहा गया है कि आज के बाद से राम हेंब्रम और उसके परिवार से गांव का कोई सदस्य कोई भी संबंध नहीं रखेगा। उसके घर में आना-जाना नहीं किया जायेगा। कोई इस प्रतिबंध को तोड़ता है तो उसे दंडित किया जायेगा। दूसरी ओर राम हेंब्रम ने इस साजिश में शामिल दबंगों के खिलाफ अनुमंडल दंडाधिकारी न्यायालय में मुकदमा दायर कर दिया है। साथ ही राम हेंब्रम ने नाली पर दोबारा स्लैब लगाने की गुहार लगायी है।
