logo

युवक की पीट-पीटकर हत्या का वीडियो वायरल, SIT की टीम ने शुरू की जांच

dhanwar.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गिरिडीह राजधनवार थाना क्षेत्र के सिरसाय नकटीटांड़ गांव में 30 वर्षीय कमलेश सिंह की पीट-पीटकर हत्या का दिल दहला देने वाला वीडियो पांचवें दिन सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो  17 दिसंबर की है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कमलेश सिंह अपनी जान की भीख मांग रहा है, लेकिन हमलावरों ने उस पर लगातार लाठियों से प्रहार किया। वीडियो के अनुसार, सबसे पहले एक युवक ने लोहे की रॉड से उसके पैर पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद एक बुजुर्ग व्यक्ति ने लात मारकर उस पर हमला किया। फिर पांच अन्य युवकों ने मिलकर लाठियों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। युवक पर इतने जोर से प्रहार किए गए कि कई लाठियां टूट गईं, इसके बावजूद हमला जारी रहा। अंततः कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना जमीन विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। पूरे घटनाक्रम का सबसे शर्मनाक पहलू यह रहा कि मौके पर मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही। लोग युवक को बचाने के बजाय मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाते नजर आए, लेकिन किसी ने भी उसकी जान बचाने की कोशिश नहीं की।
सूचना मिलने पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक काफी देर हो चुकी थी और कमलेश सिंह की मौत हो चुकी थी। मामले में धनवार थाना पुलिस ने माले नेता किशोरी अग्रवाल सहित 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, हालांकि अब तक सिर्फ एक आरोपी की गिरफ्तारी हो पाई है।
सोमवार को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। गिरिडीह एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। एसआईटी में धनवार, हीरोडीह, परसन और घोड़थंबा थाना पुलिस के साथ गिरिडीह टेक्निकल सेल की टीम को भी शामिल किया गया है।
एसपी ने एसआईटी को निर्देश दिया है कि वायरल वीडियो के आधार पर हत्या में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और मामले की त्वरित व निष्पक्ष जांच की जा रही है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update jharkhand latest news giridih news giridih khabar giridih update crime news crime khabar