द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर भारतीय ओबीसी विचार मंच की ओर से एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा के माध्यम से ओबीसी समुदाय के संवैधानिक अधिकारों के पूर्ण क्रियान्वयन की मांग को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त के माध्यम से मांग पत्र सौंपा गया।.jpg)
सभा की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष राम बल्लभ साहु ने की, जबकि संचालन कार्यकारी अध्यक्ष विजय यादव ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत महामंत्री सुजीत शर्मा ने जनसभा की विषयवस्तु प्रस्तुत करते हुए की।
सभा को संबोधित करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष विजय यादव ने कहा कि आज ओबीसी समुदाय की सबसे बड़ी समस्या जाति प्रमाण पत्र का नहीं बन पाना है। उन्होंने सरकार से इस प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की, ताकि समुदाय को योजनाओं और आरक्षण का समुचित लाभ मिल सके।
अध्यक्ष राम बल्लभ साहु ने सरकार से प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर लगाकर जाति प्रमाण पत्र जारी करने और इसके लिए खतियान की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग रखी।
मंच के प्रवक्ता राजकुमार यादव ने ओबीसी समुदाय से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि अधिकार तभी मिलेंगे जब समाज संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करेगा। जनसभा में विभिन्न ओबीसी जातियों के प्रतिनिधियों ने जाति प्रमाण पत्र निर्माण में आ रही जटिलताओं पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया और ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण को पूर्ण रूप से लागू करने की पुरजोर मांग की।
सभा को संगठन सचिव जितेंद्र यादव समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया। जनसभा में सैकड़ों की संख्या में ओबीसी समुदाय के लोग शामिल हुए। सभा के अंत में सरकार से ओबीसी अधिकारों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग दोहराई गई।