द फॉलोअप डेस्क
महात्मा गांधी के गिरिडीह आगमन की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिलेभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर गिरिडीह और खरगडीहा के बीच एक पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों पदयात्री हिस्सा लेंगे। कई जनप्रतिनिधि और मंत्री सुदीव्य कुमार अतिथि के रूप में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार गिरिडीह गांधी आगमन शताब्दी समारोह समिति ने पूरे आयोजन का जिम्मा संभाला है। कार्यक्रमों की श्रृंखला में 6 और 7 अक्टूबर को चितरडीह, पचंबा हाई स्कूल मैदान और नगर भवन में विशेष आयोजन निर्धारित हैं।
समारोह की शुरुआत आज तेतरिया स्टेडियम, पचंबा में एक दोस्ताना फुटबॉल मैच से हुई। इस मैच का आयोजन नूरुल होदा और सुंदर पांडेय के नेतृत्व में किया गया। आयोजन की जिम्मेदारी में सुंदर पांडेय, अमित सिंह और गौतम सोनी सहित कई अन्य प्रतिनिधि भी शामिल थे। फुटबॉल मुकाबला प्रतिभा विकास क्लब गिरिडीह और पचंबा एकेडमी क्लब के बीच खेला गया। पहले हाफ में प्रतिभा विकास क्लब के खिलाड़ी अर्पित कुमार (जर्सी नंबर 16) ने शानदार गोल दागा। इस गोल की बदौलत प्रतिभा विकास क्लब ने मुकाबला जीत लिया। दोनों टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और खेल भावना का परिचय दिया।
समिति के सदस्य राजेश सिन्हा ने इस अवसर पर कहा, "गांधी जैसे महान व्यक्तित्व के गिरिडीह आगमन की शताब्दी एक ऐतिहासिक क्षण है। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को मिलकर समाज में एक सकारात्मक संदेश देना चाहिए।" कार्यक्रमों की अगली कड़ी में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विचार गोष्ठियों और ऐतिहासिक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। प्रशासन और समिति ने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक अवसर को सफल बनाने की अपील की है।
