द फॉलोअप, जमशेदपुर:
Jharkhand News: आदित्यपुर में हुए निखिल डे हत्याकांड (Murder Case) में शव यात्रा (Funeral procession) के दौरान शेरे पंजाब चौक पर हुए सड़क जाम (Traffic jam) और पुलिस के साथ नोकझोक को लेकर मृतक के परिजनों ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। परिवार ने सड़क जाम या हंगामे में शामिल होने से इनकार करते हुए कहा कि वे शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर जा रहे थे। रास्ते में कुछ बाहरी युवक पहुंचे और नारेबाजी करते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने लगे। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने के आरोपों को भी खारिज किया है।

परिवार का कोई भी सदस्य सड़क जाम में शामिल नहीं
मृतक के पिता सोमनाथ डे और चाचा विजय डे ने कहा कि परिवार का कोई भी सदस्य सड़क जाम में शामिल नहीं था। हंगामा करने वाले युवकों को वे पहचानते तक नहीं हैं। मां रूबी डे ने भी कहा कि परिवार का सड़क जाम से कोई लेना-देना नहीं है। उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि हत्या में शामिल फरार तीसरे आरोपी को भी पुलिस जल्द गिरफ्तार करे। दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बिना परिवार को न्याय मिलने का भरोसा नहीं हो रहा है। इधर, शव यात्रा के दौरान शेरे पंजाब चौक पर सड़क जाम की सूचना पर आदित्यपुर पुलिस (Adityapur Police) पहुंची थी। जाम हटाने के प्रयास के दौरान कुछ युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गये।

पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता के आरोप में मामला दर्ज
देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण (Situation is tense) हो गयी और पुलिस को बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाना पड़ा। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई भी हुई। घटना से संबंधित पुलिस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। मामले में आदित्यपुर थाना प्रभारी के बयान पर थाना कांड संख्या 33/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इसमें एक लंबे बाल वाले युवक समेत करीब 25 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में अवैध जमावड़ा, सड़क जाम, उपद्रव और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।