द फॉलोअप, रांची
राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया 15 जून तक जारी रहेगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि इसके बाद इन्यूमरेशन फॉर्म की छपाई और प्रशिक्षण संबंधी कार्य शुरू किए जाएंगे। उन्होंने सभी अन-मैप्ड मतदाताओं से जल्द से जल्द अपने बीएलओ से संपर्क कर मैपिंग कराने की अपील की है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 23 मई को अन-मैप्ड मतदाताओं की सूची सभी मतदान केंद्रों तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की वेबसाइट पर सर्चेबल फॉर्मेट में प्रकाशित किए जाने के बाद इस अभियान में तेजी आई है। वर्तमान में राज्य के कुल 78.60 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अब तक राज्य में 2 करोड़ 8 लाख 6 हजार 211 मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है। वहीं, 23 मई को अन-मैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित होने के बाद से अब तक 14 लाख 3 हजार 354 मतदाताओं ने अपनी मैपिंग कराई है।
श्री कुमार ने कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग अब तक नहीं हुई है, वे ECINET ऐप के "Connect With Election Officials" टैब में अपना मतदाता पहचान पत्र क्रमांक दर्ज कर संबंधित बीएलओ का मोबाइल नंबर प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी अन-मैप्ड मतदाता सूची में अपना विवरण खोज सकते हैं तथा अपने मतदान केंद्र की सूची, बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैर-भारतीय नागरिक इस प्रक्रिया में भाग न लें। साथ ही सभी अन-मैप्ड मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपनी सुविधा के अनुसार बीएलओ से संपर्क कर जल्द से जल्द मैपिंग प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
