logo

विविधता में एकता ही भारत की सबसे बड़ी शक्तिः राज्यपाल

jkk.jpg

द फॉलोअप, रांची
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि भारत अनेक भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं और जीवन-पद्धतियों का संगम है।  भिन्नताओं के बावजूद विविधता में एकता हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक भारत, श्रेष्ठ भारत की पहल विभिन्न राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पारस्परिक समझ और भावनात्मक एकता को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम बना है। संतोष कुमार गंगवार शनिवार को लोक भवन में आयोजित पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस समारोह में झारखंड में निवास कर रहे पश्चिम बंगालवासियों को संबोधित करते हुए  

राज्यपाल ने कहा कि झारखंड और पश्चिम बंगाल का संबंध केवल भौगोलिक निकटता तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक और भावनात्मक रिश्ते भी अत्यंत गहरे हैं। उन्होंने झारखंड में निवासरत बंगाली समाज के शिक्षा, संस्कृति, उद्योग, व्यापार तथा सामाजिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती ज्ञान, सृजनशीलता और सांस्कृतिक चेतना की भूमि रही है तथा सामाजिक पुनर्जागरण से लेकर स्वतंत्रता संग्राम तक इस प्रदेश ने राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।

राज्यपाल ने कहा कि साहित्य, संगीत, कला और सिनेमा के क्षेत्र में बंगाल का योगदान अविस्मरणीय है। महान फिल्मकार सत्यजीत रे ने भारतीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाई। उन्होंने दुर्गा पूजा और काली पूजा जैसे पर्वों को सामाजिक समरसता, सामूहिकता और सांस्कृतिक वैभव का प्रतीक बताते हुए कहा कि बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पाक-परंपरा और बांग्ला भाषा की मधुरता देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखती है। राज्यपाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल ने उद्योग, कृषि, शिक्षा, विज्ञान और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं तथा देश की आर्थिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक प्रगति में उसकी भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने स्वागत भाषण देते हुए पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस की बधाई दी और दोनों राज्यों के बीच आत्मीय संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की रचना भी बंगाल की देन है तथा राज्य सांस्कृतिक और आर्थिक दृष्टि से देश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल रहा है।


 

Tags - Jharkhand Lok Bhawan West Bengal Foundation Day