logo

जामताड़ा में रेलवे ट्रैक के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस

jam_rail_maut.jpg

जामताड़ा 

जामताड़ा में हावड़ा-नई दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। जहां चित्तरंजन और जामताड़ा रेलवे स्टेशन के बीच बोदमा इलाके के समीप पुलिस ने रेलवे लाइन के किनारे से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। शुरुआती मुआयने में मृतक के शरीर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदेहास्पद बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।

गहराई से तफ्तीश

इस संबंध में जानकारी देते मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर दिया है और आगे की जांच के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और नजदीकी थानों से संपर्क कर हुलिये के आधार पर व्यक्ति की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही उसकी पहचान कर परिजनों को सूचित कर दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि यह किसी चलती ट्रेन से गिरने के कारण हुआ हादसा है या फिर इस मौत के पीछे कोई अन्य आपराधिक वजह है। मामले का सच सामने लाने के लिए रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले ग्रामीणों और चश्मदीदों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़ा कोई भी सुराग हाथ लग सके।

Tags - Unidentified Dead Body Railway Track Suspicious Death Railway Line Incident Crime Investigation