logo

लोहरदगा में रामनवमी जुलूस के दौरान अनियंत्रित डीजे वैन ने लोगों को रौंदा, 2 की मौत; 26 घायल

lohardaga_accident.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा में रामनवमी जुलूस के दौरान भीषण हादसा हुआ। यहां राणा चौक स्थित शोभा यात्रा के साथ चल रहे डीजे वैन ने कई लोगों को रौंद दिया। इनमें से 2 की मौत हो गई है वहीं करीब 25-26 लोग घायल हैं। घायल लोगों में 4 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद गंभीर लोगों को इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। 


कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक बक्शी डीपा रामनवमी अखाड़ा समिति मुन्ना डीजे के वाहन में बज रहे धार्मिक गानों की धुन में समिति के सदस्य और महिलायें जयकारे लगाते हुए झूम रही थी। इसी दौरान अपराह्न लगभग 4:30 बजे डीजे के ड्राइवर से एक्सीलेटर दब कर काफी हाई हो गया। इससे डीजे वाहन के आगे का हिस्सा काफी ऊपर उठ गया। वाहन लगभग पांच से सात फीट आगे बढ़ गया। इसके चपेट में लोग आगे भी आए और वाहन के पीछे लगे बड़े-बड़े स्पीकर साउंड बॉक्स से भी कुछ लोग दब गए। इसी दौरान कोई युवक वाहन में चढ़ा और ब्रेक लगाया। जिसके बाद गाड़ी पर नियंत्रण पाया गया। वाहन के नीचे कुछ लोग दबकर घायल हो गए। 


डीसी, एसपी ने दिये घायलों के बेहतर इलाज के आदेश
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीसी डॉ बाघमारे प्रसाद कृष्ण, एसपी हरीश बिन जमां, डीडीसी दिलीप सिंह शेखावत सरदार अस्पताल पहुंचे और घायलों का इलाज बेहतर तरीके से करने का निर्देश दिया। वहीं रामनवमी जुलूस में शामिल लोग भी सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जाना। साथ ही उनके इलाज की व्यवस्था में भी जुट गए। डॉक्टरों की कमी के कारण घायलों का इलाज बेहतर तरीके से नहीं हो पा रहा था। इसकी वजह से कुछ देर के लिए लोग आक्रोशित भी हो गए। बाद में वहां मौजूद डॉक्टरों ने बारी-बारी से सभी घायलों का इलाज किया।

Tags - jharkhandjharkhand newslohardagaLohardaga accident