द फॉलोअप डेस्कः
दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र से रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां मामा लगने वाले एक 23 साल के युवक ने पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। पीड़िता की मां ने एफआईआर दर्ज करवाया है। इस घटना के बाद आरोपी फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। दर्ज प्रथिमिकी के अनुसार, मासूम की मां अपने मायके में रहती है। गुरुवार (15 फरवरी ) को करीब रात के 8 बजे के आस-पास मासूम बच्ची अपने घर में खेल रही थी तभी पड़ोस में रहने वाले 23 साल के राम मुर्मू नामक युवक ने जलेबी खिलाने के बहाने के बच्ची को अपने साथ सुनसान इलाके में ले गया और उसके साथ हैवानियत की। दर्द के वजह से बच्ची जोर से रोने लगी।

बच्ची का इलाज चल रहा
इसके बाद बच्ची को चीखता देख कर आरोपी वहां से फरार हो गया। बच्ची की आवाज सुनकर उसका भाई और उसकी मां वहां पहुंची। इसके बाद बच्ची को घर ले आया गया। घर आकर देखा तो बच्ची के प्राइवेट पार्ट से खून निकल रहा था। अभी मासूम पीड़िता का इलाज दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। अभी बच्ची की स्थिति खतरे से बाहर है। जिले के SP पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि बच्ची की मां के द्वारा शिकारीपाड़ा थाना में मासूम के साथ दुष्कर्म होने का मामला दर्ज कराया गया है।

बच्ची की हालत स्थिर
पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद कांड संख्या 13/24 आईपीसी की धारा 376 (AB)के अतिरिक्त पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी रिश्ते में बच्ची का मामा लगता है। फ़िलहाल घटना के बाद आरोपी फरार है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है, जल्द ही वो पुलिस की गिरफ्त में होगा।