द फॉलोअप डेस्क
रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में आज सदर अस्पताल के सभागार में जिला सलाहकार समिति (PC & PNDT) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अल्ट्रासाउंड सेंटरों के निबंधन, नवीकरण, फॉर्म-B में मशीन एंट्री, चिकित्सकों की ज्वाइनिंग तथा यूएसजी मशीन खरीद सहित कई महत्वपूर्ण मामलों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों पर निर्णय लेते हुए 8 अल्ट्रासाउंड सेंटरों के निबंधन तथा 10 सेंटरों के नवीकरण को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा फॉर्म-B में प्रविष्टि, आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद चिकित्सकों की नियुक्ति तथा अन्य प्रक्रियात्मक अनुमोदनों पर भी सहमति बनी।
नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
बैठक में यूएसजी मशीन से संबंधित मामलों में कुल 2 स्थानांतरण आवेदन, 4 नई मशीन खरीद अनुमति, तथा 5 फॉर्म-B प्रविष्टि के आवेदन (दस्तावेज सत्यापन के बाद) पर भी चर्चा की गई। साथ ही क्लीनिक एवं अस्पतालों में 17 चिकित्सकों की ज्वाइनिंग से जुड़े मामलों पर विचार किया गया। उपायुक्त भजंत्री ने बैठक में अल्ट्रासाउंड सेंटरों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों पर सख्त और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं PC & PNDT को-ऑर्डिनेटर राकेश कुमार राय और समिति के सदस्य उपस्थित थे।