सरायकेला-खरसावां:
सरायकेला-खरसावां में वज्रपात की चपेट में आने से 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 3 महिलायें गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना तिरुलडीह थानाक्षेत्र अंतर्गत पांड्रा गांव की है जहां खेत में काम रही 5 महिलाओं पर वज्रपात हुआ। मृत महिलाओं में सोनामनी महतो और मुक्ता महतो शामिल हैं। वज्रपात के तुरंत बाद ग्रामीणों की सहायता से तीनों घायल महिलाओं को तत्काल तिरुलडीह अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए पातकुम अस्पताल रेफर किया गया है।

पांड्रा गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वहीं, जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष कृतिबास महतो भी अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं आगे की कार्रवाई में सहयोग किया। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत की खबर फैलते ही पांड्रा गांव में मातम पसर गया। पुलिस द्वारा दोनों मृत महिलाओं के शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए कब्जे में लेने की प्रक्रिया की जा रही है।