मनोहरपुर
मनोहरपुर थाना क्षेत्र के पुराना मनोहरपुर-मनीपुर मार्ग पर रविवार को हुए सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गयी. हादसा कलभट पुलिया के समीप हुआ, जहां अनियंत्रित होकर स्कूटी पुलिया के नीचे जा गिरी. मृतकों की पहचान पुराना मनोहरपुर लोहार टोला निवासी 14 वर्षीय वतन लोहार और मनीपुर सांडिल टीला निवासी 18 वर्षीय ओम सांडिल के रूप में हुई है. दोनों मनोहरपुर थाना क्षेत्र के निवासी थे. जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर स्कूटी से पुराना मनोहरपुर से मनीपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान कलभट पुलिया के पास स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पुलिया के नीचे जा गिरा. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा दोनों को तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. दोनों किशोरों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. इधर, मनोहरपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
