logo

गुमला : पिकनिक में शराब पीने के बाद दो लोगों की हत्या, शव को गड्ढे में गाड़ा

ुोोीो.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के लीगिर पाठ गांव में शुक्रवार को पिकनिक के दौरान हुए झगड़े में दो लोगों की हत्या हो गई। पुलिस ने आरोपी छोटू मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है। गांव के जातरी मुंडा ने रविवार को चैनपुर थाना में आवेदन देकर पिता सुखदेव मुंडा की हत्या का मामला दर्ज कराया। जातरी ने बताया कि शुक्रवार को सुखदेव मुंडा, बुधराम मुंडा और छोटू मुंडा जंगल की ओर पिकनिक मनाने गए थे। वहां तीनों ने शराब पी। इसी दौरान किसी बात पर कहासुनी हुई। झगड़ा बढ़ा तो छोटू मुंडा ने लाठी से हमला कर दिया। सुखदेव और बुधराम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस लीगिर पाठ पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला भेजा गया। आरोपी छोटू मुंडा को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में छोटू ने बताया कि गाली देने पर उसने दोनों को मारा।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में फुटबॉल मैच हुआ था। इसके बाद तीनों जंगल की ओर पिकनिक मनाने गए। वहां पहले हल्की हाथापाई हुई। फिर तीनों ने देर रात साथ में शराब पी। ग्रामीणों के अनुसार इसके बाद छोटू और बुधराम ने मिलकर सुखदेव को गांव से दूर ले जाकर लाठी से पीटकर हत्या कर दी। शव को गड्ढे में गाड़ दिया। सुखदेव के परिजन देर रात तक उसे खोजते रहे। कुछ लोगों ने बताया कि सुखदेव को आखिरी बार बुधराम और छोटू के साथ देखा गया था। परिजनों ने दोनों से पूछताछ की, पर उन्होंने कुछ नहीं बताया। शनिवार को दबाव बढ़ने पर दोनों ने हत्या की बात कबूल की और शव की जानकारी दी। शव मिलने के बाद गुस्से में आकर परिजनों ने बुधराम और छोटू की पिटाई कर दी। प्रतिशोध में जातरी मुंडा ने बुधराम के सिर पर लाठी मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

छोटू किसी तरह जान बचाकर भाग निकला। इस दोहरे हत्याकांड की जानकारी पुलिस को दो दिन बाद मिली। इससे चैनपुर थाना की सूचना व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हत्या की असली वजह क्या थी। चैनपुर क्षेत्र में शराब के नशे में हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। गांवों में धड़ल्ले से शराब बिक रही है। युवा नशे की गिरफ्त में हैं। छोटी-छोटी बातों पर हत्या जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। एसपी हारिश बिन जमां से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि आपसी विवाद के बाद प्रतिशोध में दो लोगों की हत्या हुई है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर ली है। इसमें संलिप्त जो भी और दोषी पाए जाएंगे उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।