रांचीः
मोरहाबादी में गुरुवार को हुई गैंगवार की घटना शामिल 2 और शूटरों की गिरफ्तारी हो गई है। शूटरों का नाम ज्ञान रंजन और आशू है। रांची पुलिस ने दोनों को कोडरमा और रामगढ़ से गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और गोली बरामद हुई है। दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। दोनों मूल रूप से बिहार के हैं और लवकुश शर्मा गिरोह से जुड़े हैं।

सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
दोनों ने पुलिस को बताया कि घटना को अंजाम देने के लिए लवकुश शर्मा और सोनू शर्मा ने उन्हें रांची बुलाया था। घटना से पहले कालू की रेकी की गई थी। इसके बाद गोली मारी गई। बता दें कि पुलिस ने पहले ही राजू चोटी और बिट्टू खान को हिरासत में लिया है। गौरतलब है कि गैंगवार का सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ था। इस फुटेज के आधार पर पुलिस की टीम ने अपराधियों की पहचान की गई। जिसके बाद पुलिस की टीम ने छापेमारी कर अपराधियों को गिरफ्तार किया। सीनियर एसपी सुरेंद्र झा के निर्देश पर चार विशेष टीमें बनाई गई थीं, जो अपराधियों की खोज में लगी हुई थी।

अब तक नहीं हटाई गयी हैं दुकानें
गुरुवार को हुई घटना के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक की थी, जिसमें जिले के तमाम आलाधिकारी को बुलाया गया था । बैठक में राज्य की कानून व्यवस्था पर चर्चा की गई। जिसके बाद यह भी फैसला लिया गया कि मोरहाबादी में लगने वाले दुकानों को हटाया जाएगा। हालांकि मोरहाबादी में फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों को अब तक नहीं हटाया जा सका।
इसके लिए कई तकनीकी कारण रांची जिला पुलिस और प्रशासन के सामने मौजूद रहे। रांची जिला प्रशासन ने कार्रवाई से पहले मैदान परिसर में अतिक्रमण को लेकर रांची अंचल कार्यालय के जरिए मापी कराई थी। इसकी रिपोर्ट 48 घंटे में मिलेगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।