द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र के चरही-घाटो चौक में शनिवार सुबह लगभग 9.15 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर (आरजे 52 जीए-2501) का ब्रेक फेल होने के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया। ट्रेलर ने चौक में खड़े टेंपू को ठोकर मारते हुए आगे चल रही सागर बस (जेएच 02बीटी-5683) को पीछे टक्कर मार दी। इसके बाद सड़क किनारे फल बेच रहे नीमाडीह निवासी उदय सिंह (45, पिता सूरज नारायण सिंह) और सड़क पर खड़े मुकरू निवासी आदित्य सिंह (56) तथा उनके भाई आशीष सिंह (33, पिता लोची सिंह) को ट्रेलर ने चपेट में ले लिया।
इस घटना में उदय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आदित्य सिंह शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान चल बसे। आशीष सिंह को मांडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। जहां से रामगढ़ सदर अस्पताल से रिम्स रेफर किया गया। घायल बस यात्रियों में बरही के पवन सिंह,चरही के रोशन कुमार दास,मांडू के निखिल कुमार,लालू कुमार,आनंद कुमार और सतगावां के संदीप कुमार शामिल हैं।
दुर्घटना के कारण चरही-घाटो चौक (एनएच-33) में दो घंटे तक जाम में फसे रहे जिससे चरही घाटी से चौदहमाइल तक गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर चुरचू बीडीओ ललित राम और चरही थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे और जाम हटाया।