logo

निखार की हत्या करने पहले आये 2 नाकाम शूटर गिरफ्तार, गणेश गिरोह के सदस्य को मारने आए थे

a1727.jpg

जमशेदपुर:

जमशेदपुर में होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या की साजिश में शामिल रहे 2 शूटर एक बार फिर शहर पहुंचे थे। इस बार उनका टारगेट गणेश सिंह गिरोह का एक सदस्य था। दोनों को टारगेट की हत्या से पहले ही जमशेदपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार शूटरों की पहचान उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के गोसाईगंज बरुई निवासी प्रदीप सिंह (38) और अभिनय यादव (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से 7.65 एमएम का 1 लोडेड देसी पिस्तौल, 2 जिंदा गोलियां और मोबाइल बरामद किया है। दोनों को सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में पांडेय घाट के पास से पकड़ा गया।

शूटरों को अशोक कुमार सिंह ने बुलाया था
गुरुवार को प्रेस वार्ता में एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि दोनों शूटरों को जमशेदपुर निखार सबलोक हत्याकांड के मास्टरमाइंड अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव ने शहर बुलाया था। दोनों को सोनारी के कुम्हारपाड़ा में सुनील रजक के माध्यम से ठहराया गया था। पुलिस के अनुसार, दोनों शूटर इससे पहले 19 अगस्त को निखार सबलोक की हत्या के लिए जमशेदपुर आये थे। उन्हें हत्या के लिए 15 लाख रुपये की सुपारी दी गयी थी। दोनों ने निखार की रेकी भी की थी, लेकिन हत्या की घटना को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके।

रकम के एडवांस को लेकर शूटरों का हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक सुपारी की रकम के एडवांस को लेकर दोनों शूटरों का सिंटू सिंह से विवाद हो गया था। इसके बाद वे निखार की हत्या किये बिना ही उत्तर प्रदेश लौट गये। बाद में उन्हें दूसरे टारगेट की हत्या के लिए दोबारा जमशेदपुर बुलाया गया। इस बार उन्हें गणेश सिंह गिरोह के एक सदस्य की हत्या करनी थी। टारगेट की पूरी जानकारी उन्हें अशोक सिंह उर्फ राघव से मिलनी थी। हालांकि, दोनों को यह जानकारी नहीं थी कि अशोक सिंह राघव पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। इसी बीच पुलिस ने दोनों को हथियार के साथ दबोच लिया।

सिंटू सिंह की दिल्ली से गिरफ्तारी की सूचना
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में सिंटू सिंह उर्फ अभिमन्यु सिंह की दिल्ली से गिरफ्तारी की सूचना भी है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि सिंटू सिंह शूटरों को जमशेदपुर बुलाने में शामिल था, जबकि अशोक सिंह उर्फ राघव पर शूटरों के लिए फाइनेंस की व्यवस्था करने का आरोप है।

गणेश गिरोह के कई सदस्य विरोधी गुट के निशाने पर
निखार सबलोक की हत्या के बाद गैंगवार की कड़ी और गहरी होने की आशंका जतायी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, गणेश सिंह गिरोह के कई सदस्य विरोधी गुट के निशाने पर हैं। गणेश सिंह और उसके करीबियों की रेकी किये जाने की भी बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या का बदला लेने के लिए गणेश सिंह गिरोह के सदस्यों को निशाना बनाने की योजना तैयार की गयी थी। दोनों शूटरों की गिरफ्तारी से पुलिस ने फिलहाल एक और संभावित गैंगवार को टाल दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

निखार हत्याकांड से जुड़ी दूसरी कड़ी
24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित 10th माइल स्टोन रेस्टोरेंट में होटल कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। अपराधियों ने निखार को 11 गोलियां मारी थी। निखार हत्याकांड में पुलिस अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

Tags - Nikhar Sablok Murder CaseNikhar SablokJamshedpurMurder