द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ पुलिस ने 4 मार्च को होली के दिन हुई देवराज सरकार उर्फ नमुआ सरकार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अपराध में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल और एक कार के साथ पकड़ा है। यह कार्रवाई विशेष छापेमारी दल (SIT) द्वारा तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद ने पाकुड़ नगर थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को पूरे मामले की जानकारी दी। बताया गया कि 4 मार्च को होली के दिन नगर थाना क्षेत्र के ग्राम तलवाडांगा में देवराज सरकार उर्फ नमुआ सरकार (पिता-मेघनाथ सरकार) की आधा दर्जन से अधिक लोगों ने मिलकर चाकू मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक के पिता मेघनाथ सरकार के आवेदन के आधार पर पाकुड़ नगर थाना में कांड संख्या 36/26, दिनांक 5.03.2026 को धारा 103(1), 61(2), 351(2), 352 और 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पाकुड़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुदु मंडल (पिता स्व. योधमन मंडल), निवासी ग्राम बहीरग्राम, थाना मालपहाड़ी (ओपी), जिला पाकुड़ तथा कृष्ण मिश्रा (पिता राजीव मिश्रा), निवासी ग्राम बहीरग्राम, थाना मालपहाड़ी (ओपी), जिला पाकुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल दोनों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक देवराज सरकार उर्फ नमुआ सरकार के खिलाफ पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में पहले से कुल पांच मामले दर्ज थे।
.jpeg)