logo

विधायक मथुरा प्रसाद महतो से दुर्व्यवहार मामले में TTE तलब, वारंट जारी!

विधायक मथुरा प्रसाद महतो से दुर्व्यवहार मामले में TTE तलब, वारंट जारी!

द फॉलोअप डेस्क:
Jharkhand News: झारखंड विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने झामुमो विधायक और सत्ता पक्ष के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो के साथ राजधानी एक्सप्रेस में कथित दुर्व्यवहार के मामले में सख्त रुख अपनाया है। समिति ने ड्यूटी पर तैनात संबंधित टीटीई को वारंट जारी कर 3 दिसंबर को होने वाली अगली बैठक में सशरीर उपस्थित कराने का निर्देश दिया है। रेलवे के संबंधित अधिकारियों से कई बार स्पष्टीकरण मांगे जाने के बावजूद जवाब नहीं मिलने के बाद यह कदम उठाया गया है। विशेषाधिकार समिति के सभापति रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विधानसभा की गरिमा और विधायकों के विशेषाधिकार को ध्यान में रखते हुए संबंधित टीटीई को पेश कराने के लिए वारंट जारी करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर गिरफ्तारी का विकल्प अपनाया जा सकता है। बैठक में समिति के सदस्य प्रकाश राम भी मौजूद थे।


राजधानी एक्सप्रेस में क्या हुआ था विवाद?
मथुरा प्रसाद महतो ने अपनी शिकायत में बताया था कि 29 जून 2025 को वह अपने तीन सहयोगियों के साथ धनबाद से नई दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने मुख्य सचेतक के रूप में मिलने वाली एचओआर (HOR) सुविधा के तहत टिकट लिया था। उनकी आरक्षित बर्थ संख्या 25, 26, 27 और 28 ए-2 कोच में थी। रात करीब नौ बजे टिकट जांचने के लिए टीटीई पहुंचे। विधायक ने टिकट दिखाने के साथ अपना परिचय भी दिया। आरोप है कि टीटीई ने एचओआर से जारी टिकट और उस पर सहयात्री के लिए अंकित विशेष व्यवस्था की जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए उनके साथ अशिष्ट व्यवहार किया। विधायक ने शिकायत में कहा था कि उन्होंने टीटीई को जनप्रतिनिधि होने के साथ दक्षिण-पूर्व रेलवे की सदस्यता की जानकारी भी दी, लेकिन इसके बावजूद उनका व्यवहार अमर्यादित रहा। विधायक ने इस घटना को विशेषाधिकार हनन का मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। 

अतिक्रमण मामले में धनबाद DC और बाघमारा CO तलब
विशेषाधिकार समिति ने जदयू विधायक सरयू राय की शिकायत पर धनबाद के उपायुक्त और बाघमारा के अंचल अधिकारी को भी 3 दिसंबर की बैठक में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। यह मामला करीब 16 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण से जुड़ा है। सरयू राय ने आरोप लगाया है कि लगभग एक साल से इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई नहीं की गई है। चकबंदी अधिकारी की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण भी उन्हें संतोषजनक नहीं लगा। उपायुक्त के स्तर से कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने विशेषाधिकार हनन का प्रश्न उठाया था। अब समिति ने संबंधित अधिकारियों को बैठक में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा है।

हीरोडीह थाना प्रभारी को भी समिति ने किया तलब
भाजपा की जमुआ विधायक मंजू कुमारी की शिकायत पर हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र को भी विशेषाधिकार समिति ने 3 दिसंबर की बैठक में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। विधायक का आरोप है कि आपराधिक घटनाओं से संबंधित जानकारी मांगने पर थाना प्रभारी ने सही जानकारी नहीं दी और प्रोटोकॉल का पालन भी नहीं किया। इस मामले में थाना प्रभारी की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण समिति को संतोषजनक नहीं लगा। इसके बाद उन्हें अगली बैठक में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा गया है।
 

Tags - Jharkhand Legislative AssemblyMathura Prasad MahtoPrivileges CommitteeRajdhani ExpressJharkhand Politics