logo

पाकुड़ में दर्दनाक रेल हादसा, ट्रैक पार करते समय पति-पत्नी और बच्ची वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आए

vbjhkdfv.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ जिले के नगरनबी रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, डाउन लाइन से गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से लगभग 35 वर्षीय एक पुरुष, करीब 30 वर्षीय एक महिला और तीन वर्ष की एक बच्ची की जान चली गई। घटना शाम लगभग 7:10 बजे की बताई जा रही है। ट्रेन तेज रफ्तार में थी और अचानक तीनों ट्रैक पर आ गए, जिससे उन्हें संभलने का अवसर नहीं मिल सका। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पाकुड़ रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी कार्यालय लाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पाकुड़ रेलवे के एएसआई शिबू सरदार ने बताया कि रात होने के कारण मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पहचान के लिए आसपास के गांवों और पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क किया गया।
बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक पाकुड़ नगर के कालीतल्ला स्थित वार्ड नंबर 09 के निवासी थे। मृतकों की पहचान चंदन सरदार (लगभग 32 वर्ष) और शिल्पा सरदार (लगभग 30 वर्ष) के रूप में की गई है। दोनों पति-पत्नी थे और अपनी तीन वर्षीय बच्ची के साथ रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसे का शिकार हो गए। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय सावधानी बरतें और निर्धारित क्रॉसिंग का ही उपयोग करें।

 

Tags - Pakur train accident Nagarbi railway station accident Vande Bharat Express accident Husband wife child killed in train accident Pakur district railway tragedy Three killed in train accident RPF GRP investigation Pakur