बोकारो
जिले के पेक नारायणपुर थाना क्षेत्र में बुधवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। घटना पेक नारायणपुर थाना क्षेत्र के ऊपरघाट स्थित धोवईया गांव के समीप मुख्य सड़क की है। जानकारी के अनुसार, धोवईया गांव निवासी 23 वर्षीय श्याम लाल हेम्ब्रम बुधवार सुबह बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

मौके पर ही मौत हो गई
टक्कर इतनी जोरदार थी कि श्याम लाल हेम्ब्रम को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि मृतक शादीशुदा था और उसका करीब एक वर्ष का पुत्र भी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर धोवईया-पेक मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पेक नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
.jpeg)
हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo