logo

2 बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, ट्रैक्टर हादसे में मजदूर की मौत; मवेशी वाले खूंटे पर गिरा था

तोलुो1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

जामताड़ा में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। जामताड़ा थाना क्षेत्र के कटंकी गांव के पास देर रात हुए दर्दनाक ट्रैक्टर हादसे में एक दिहाड़ी मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सुपाएडीह निवासी लालटू हेंब्रम के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बेकाबू ट्रैक्टर ने छीनी मजदूर की जिंदगी

जानकारी के अनुसार, एक खाली ट्रैक्टर कटंकी होते हुए सतशाल की ओर जा रहा था। कटंकी के समीप एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे रखी ईंटों से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पर सवार लालटू हेंब्रम उछलकर नीचे जा गिरा। दुर्भाग्यवश वह जमीन में गड़े मवेशी बांधने वाले खूंटे से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीण उसे आनन-फानन में जामताड़ा सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय मृतक शराब के नशे में था। लालटू अपने पीछे दो मासूम बेटियां छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जिले में हाल के दिनों में ट्रैक्टर दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं।

 

Tags - Jamtara Tractor Accident Jharkhand Road Safety Breaking News