logo

तोरपा विधानसभा क्षेत्र को मिला 7 एंबुलेंस और 3 शव वाहनों की सौगात, विधायक सुदीप गुड़िया ने किया लोकार्पण

gudiya.jpg

द फॉलोअप, तोरपा
तोरपा विधानसभा क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को तोरपा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टाउन हॉल में एंबुलेंस एवं शव वाहन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विधायक मद से उपलब्ध कराए गए 7 एंबुलेंस और 3 शव वाहनों को तोरपा, रनिया, बानो और कर्रा प्रखंड की जनता को समर्पित किया गया। तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, झामुमो खूंटी जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद तथा जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र जंगल और पहाड़ी इलाकों से घिरा हुआ है, जहां एंबुलेंस की कमी के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। गंभीर मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और दुःख की घड़ी में परिजनों को सहयोग देने के उद्देश्य से एंबुलेंस एवं शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

इस अवसर पर झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि राज्य सरकार और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस और शव वाहन की सुविधा मिलने से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को राहत मिलेगी। कार्यक्रम में झामुमो महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुशांति कोनगाड़ी, बुद्धिजीवी मोर्चा अध्यक्ष विरेन कंडुलना, विधायक प्रतिनिधि जगदीश बागे समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में तोरपा, रनिया और बानो के प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, झामुमो पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई तथा अतिथियों का स्वागत गुलदस्ता भेंट कर किया गया। मंच संचालन युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रोबिन तोपनो ने दिया। उपस्थित लोगों ने एंबुलेंस और शव वाहन उपलब्ध कराने की पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर झामुमो खूंटी जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, बुद्धिजीवी मोर्चा अध्यक्ष बीरेन कंडुलना,महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुशांति कोनगाड़ी,उपाध्यक्ष शिशिर तोपनो,मुकेश सिंह,युवा मोर्चा उपाध्यक्ष राहुल केशरी,बानो विधायक प्रतिनिधि सह झामुमो कोषाध्यक्ष जगदीश बागे, विधायक प्रतिनिधि तनवीर हुसैन,विदेशिया बड़ाइक,मनीर खान, कार्यकारिणी अध्यक्ष संतोष जोजो, सोय पंचायत अध्यक्ष संदीप समद, झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य धर्मदास तोपनो युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अमृत हेमरोम, प्रखंड अध्यक्ष रोबिन तोपनो, सचिव जेम्स आइंद, उपाध्यक्ष सुशील कोनगाड़ी, कोषाध्यक्ष जयदीप तोपनो,मुखिया पुष्पा गुड़िया,रोशनी गुड़िया,अनस्तसिया आइंद, उपाध्यक्ष फिरोज खान,रनिया प्रखंड अध्यक्ष गावरीयल तोपनो, कर्रा सचिव विनोद उरांव,सुखराम उरांव,विस गुड़िया,सचिव फिलीप हंगा, विधायक प्रतिनिधि सुरेश कोन गाड़ी,देवनाथ मघैया,सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
 

Tags - Jharkhand Torpa JMM MLA Sudip Gudiya ambulance hearse