रांची :
आपकी योजना, आपकी सरकार-आपके द्वार अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत एक नवंबर से हो गई। 14 नवंबर तक यह अभियान चलना है। दूसरे चरण के अभियान के दौरान कल यानि दो नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन साहिबगंज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। लोगों को योजनाओं से आच्छादित करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान कुल 10,481 लाख रुपए की 14 योजनाओं का शिलान्यास और 9 का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण भी करेंगे। बताते चलें कि पहले चरण के अभियान में 21 लाख से अधिक आवेदन विभिन्न शिविरों में प्राप्त हुए। जिनमें से 15 लाख से अधिक आवेदन का निष्पादन हो गया। शेष आवेदन निष्पादन की प्रक्रिया में हैं। वहीं, प्रथम चरण के अभियान में सरकार की प्राथमिकता की योजनाओं के लिए 12 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें आठ लाख से अधिक आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है।

लोगों को मिल रहा योजना का लाभ
हेमंत सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 16 नवंबर 2021 से 28 दिसंबर 2021 तक पूरे राज्य में "आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार" कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसकी सफलता और लोगों को योजनाओं से जोड़ने का कारगर माध्यम बनाने के उद्देश्य से फिर से अभियान की शुरुआत की गई। जिसके तहत लोगों को योजनाओं का लाभ देने में सरकार सफल हो रही है। जरूरतमंद अपने अधिकार के प्रति जागरूक भी हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री करेंगे विभिन्न जिलों का निरीक्षण
अभियान के माध्यम से सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, सर्वजन पेंशन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, पोटो हो खेल विकास योजना, फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान, सोना सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना, कंबल वितरण, हरा राशन कार्ड, छात्रवृत्ति योजना जैसी कई लोक कल्याणकारी योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया जाना है। दूसरे चरण के अभियान में भी मुख्यमंत्री खुद विभिन्न जिलों में आयोजित शिविर का निरीक्षण करेंगे।
