logo

वसंत पंचमी का पावन पर्व आज, मां सरस्वती की ऐसे पूजा करने पर होंगी प्रसन्न

वसंत पंचमी का पावन पर्व आज, मां सरस्वती की ऐसे पूजा करने पर होंगी प्रसन्न

द फॉलोअप डेस्कः 
वसंत पंचमी और सरस्वती पूजा का पावन पर्व आज 14 फरवरी को है। आज माघ माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि, रेवती नक्षत्र, शुभ योग, बालव करण, बुधवार दिन और दिशाशूल उत्तर का है। वसंत पंचमी के अवसर पर रवि योग बना है। जो लोग सरस्वती पूजा करना चाहते हैं, उनके लिए शुभ मुहूर्त सुबह 07:01 बजे से दोपहर 12:35 बजे तक है। सरस्वती पूजा में आपको मां शारदा को पीले और सफेद फूल, पीले वस्त्र, पीले गुलाल, अक्षत्, धूप, दीप, मौसमी फल आदि अर्पित करना चाहिए। पूजा के समय सरस्वती वंदना और आरती जरूर करें। इससे माता सरस्वती प्रसन्न होती हैं और अपने भक्तों के मन की मुराद पूरी करती हैं। सरस्वती पूजा करने से शिक्षा, परीक्षा और करियर में सफलता प्राप्त होती है। 


शुभ कार्य के लिए अच्छा दिन 
मान्यता ऐसी है कि माघ शुक्ल पंचमी को मां सरस्वती की उत्पत्ति हुई थी। उन्होंने अपनी वीणा के मधुर स्वर से सभी प्राणियों को वाणी प्रदान की थी. वह ज्ञान और कला की भी देवी हैं। वसंत पंचमी के अवसर पर कामदेव और रति की भी पूजा करते हैं। आज का दिन शुभ कार्य करने के लिए अच्छा है। मान्यता है कि वसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती हाथों में पुस्तक, विणा और माला लिए श्वेत कमल पर विराजमान हो कर प्रकट हुई थीं, इसलिए इस दिन मां सरस्वती की विषेश पूजा-अर्चना की जाती है। साथ ही वसंत पंचमी से ही वसंत ऋतु की शुरुआत होती है। शास्त्रों के अनुसार वसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती की पूजा करने से मां लक्ष्मी और देवी काली भी प्रसन्न होती हैं। 


वसंत पंचमी की पूजा विधि 
*वसंत पंचमी के दिन सुबह स्नान आदि से निवृत होकर पीले या सफेद रंग का वस्त्र पहनें। उसके बाद सरस्वती पूजा का संकल्प लें। 
*पूजा स्थान पर मां सरस्वती की मूर्ति या तस्वीर स्थापित करें। मां सरस्वती को गंगाजल से स्नान कराएं। फिर उन्हें पीले वस्त्र पहनाएं। 
*इसके बाद पीले फूल, अक्षत, सफेद चंदन या पीले रंग की रोली, पीला गुलाल, धूप, दीप, गंध आदि अर्पित करें।
*इस दिन सरस्वती माता को गेंदे के फूल की माला पहनाएं। साथ ही पीले रंग की मिठाई का भोग लगाएं। 
*इसके बाद सरस्वती वंदना एवं मंत्र से मां सरस्वती की पूजा करें। 
*आप चाहें तो पूजा के समय सरस्वती कवच का पाठ भी कर सकते हैं। 
*आखिर में हवन कुंड बनाकर हवन सामग्री तैयार कर लें और ‘ओम श्री सरस्वत्यै नमः: स्वहा” मंत्र की एक माला का जाप करते हुए हवन करें। 
*फिर अंत में खड़े होकर मां सरस्वती की आरती करें।