logo

आज भी झारखंड के इन जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी, रांची में दीवार गिरने से एक छात्र की मौत

ीा्2.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
मौसम विभाग ने शनिवार को भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया था, अब एक बार फिर मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को करीब 100 एमएम की बारिश हुई। ऐसे में रेड अलर्ट के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गई है। शनिवार को कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सिमडेगा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में भारी वर्षा का ऑरेज अलर्ट जारी किया गया है। देवघर जामताड़ा और आसपास के जिलों में भी भारी वर्षा की संभावना है। 

जरूरी हो तभी घर से निकलें
गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, लोहरदगा, गुमला में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिक ने लोगों से अपील की है कि जिन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, वहां अति आवश्यक न हों तो घर से बाहर न निकलें, क्योंकि तेज बारिश के दौरान कई बार पेड़ भी गिरते हैं। उन्होंने कहा, घर में रहें, सुरक्षित रहे। मौसम में जैसे ही कुछ परिवर्तन होता है, इसकी जानकारी साझा की जाएगी। बारिश के दिनों में निचले इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। इसलिए, जलभराव के दौरान घरों से बाहर न निकलें।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दवाब क्षेत्र

बंगाल की खड़ी में बने निम्न दबाव (लो प्रेशर ) के कारण लगातार वर्षा हो रही है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार यह निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में डीप डिप्रेशन में बदलकर और गंभीर हो जाएगा। इसका मूवमेंट पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर है। मौसम केंद्र निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार झारखंड के रांची, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज, देवघर में गुरुवार से भारी अच्छी वर्षा हुई है। राजधानी रांची में शुक्रवार देर रात तक मूसलाधार वर्षा होती रही। इस दौरान शहर में 11 स्थानों पर पेड़ गिरे। जिससे आवागमन बाधित हो गया।

एक छात्र की मौत
वहीं भारी बारिश के कारण पिस्का मोड़ के पास स्कूल छात्र अश्विनी की मौत हो गई। गुरुकृपा स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर जाने के क्रम में गैलेक्सिया माल के बगल में स्थित मधुकम गली में एक दीवार गिरने से वह उसमें दब गया। वह मधुकम का रहने वाला था। चौथी कक्षा में पढ़ता था। उसकी बहन नौवीं कक्षा में पढ़ती है, जो घायल हो गई है। वह इलाजरत है। शनिवार को भी भारी वर्षा को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। जिला प्रशासन व नगर निगम पूरी तरह मुश्तैद है।

12वीं तक के स्कूल आज बंद
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार ने 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद कर दिया है। मौसम विभाग की ओर से राज्य के सात जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उसके बाद झारखंड सरकार की ओर से देर शाम स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए भारी बारिश के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए सरकार ने राज्य में संचालित सभी प्रकार के सरकारी और निजी स्कूलों की 12वीं तक की कक्षाओं को आज यानी दिनांक 3 अगस्त को बंद रखने का आदेश दिया है।

किसानों के चेहरे पर लौटी खुशियां 
धनरोपनी में जुटे लोग सावन मास प्रारंभ होते हीं जिले में धानरोपणी समाप्ति की ओर चला जाता था और जुलाई माह में पूरी तरह धानरोपणी का कार्य समाप्त हो जाता था। परंतु इस बार मौसम की बेरुखी के कारण जिले में बारिश नहीं हो सकी और किसान किसी तरह धान का बिचड़ा खेत में डाले भी तो सूखने लगे थे। बारिश का आसार छोड़ दिए थे। लेकिन गुरुवार को प्रारंभ हुई बारिश शुक्रवार को झमाझम बारिश में तब्दील हो गई। इससे किसानों के चेहरे पर रौनक लौट गई। किसान खेत पहुंच गए और धान रोपणी का कार्य प्रारंभ कर दिया।