बोकारो:
बोकारो के चास प्रखंड अंतर्गत कुंबाटांड़ गांव में रविवार को धान की रोपाई के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से 3 युवतियां घायल हो गईं। घटना के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को खेत से बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान आशा कुमारी, पूजा कुमारी और सोनाली कुमारी के रूप में हुई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को अस्पताल में भर्ती कर लिया। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

अचानक मौसम का मिजाज बदल गया था
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव के खेत में धान की रोपाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ। बिजली गिरते ही तीनों युवतियां उसकी चपेट में आ गईं और खेत में गिर पड़ीं। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और तीनों को अस्पताल पहुंचाया।
घायल आशा कुमारी ने बताया कि वज्रपात के समय तेज धमाके के साथ उन्हें जोरदार झटका महसूस हुआ, जिसके बाद वह बेहोश हो गईं। होश आने पर उन्होंने खुद को अस्पताल में पाया।