पूर्वी सिहंभूम:
पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा की सील पड़ी खदानों से अवैध तरीके से निकाले जा रहे बेशकीमती रत्न पन्ना की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। बहरागोड़ा पुलिस ने पीडब्ल्यूडी चौक के समीप कार्रवाई करते हुए 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 1 किलो वजन का बेशकीमती रत्न पन्ना बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में 2 गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के मुढाकाटी, जबकि एक श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई
दरअसल, पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ लोग पन्ना लेकर क्षेत्र से बाहर निकलने की तैयारी में हैं। इसके बाद पीडब्ल्यूडी चौक के पास निगरानी बढ़ायी गयी। जिसके बाद शनिवार सुबह पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर 2 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 1 किलो बेशकीमती पन्ना बरामद हुआ। पुलिस आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करेगी।

कोलकाता ले जाकर पन्ना बेचने की तैयारी थी
बताया जा रहा है कि बरामद पन्ना गुड़ाबांदा क्षेत्र की उन खदानों से निकाला गया था, जिन्हें पूर्व में हादसों के बाद प्रशासन ने सील कर दिया था। इसके बावजूद इन इलाकों में चोरी-छिपे अवैध खनन और बेशकीमती पत्थरों की तस्करी का खेल जारी था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बरामद पन्ना को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता ले जाकर किसी बड़े खरीदार को बेचने की तैयारी में थे। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस को इसकी भनक लग गयी और तस्करी की योजना नाकाम कर दी गयी।

अवैध खनन नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
गुड़ाबांदा प्रखंड की पहाड़ियों में पन्ना समेत अन्य खनिजों की मौजूदगी को लेकर पहले भी अवैध खनन की शिकायतें सामने आती रही हैं। खनन विभाग की ओर से पूर्व में जांच कर रिपोर्ट भी भेजी गयी थी। अब ताजा बरामदगी के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोग कौन-कौन हैं और लंबे समय से यह कारोबार कैसे चल रहा था।