logo

पश्चिमी सिंहभूम से लापता 3 नाबालिग बच्चियां 1 सप्ताह बाद सकुशल बरामद

पश्चिमी सिंहभूम से लापता 3 नाबालिग बच्चियां 1 सप्ताह बाद सकुशल बरामद

द फॉलोअप, जमशेदपुर:

पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दीपशीला गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना में संलिप्त दो नाबालिग आरोपियों को भी हिरासत में लिया है। जिले के एसपी अमित रेणु के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी सेल की मदद से इस मामले का सफल उद्भेदन किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे दीपशीला गांव की तीन बच्चियां पड़ोस के घर जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा अपने स्तर पर खोजबीन की गयी।

पुलिस ने तीनों बच्चियों को सुरक्षित ढूंढ निकाला

खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो 21 सितंबर को राजवती मरांडी, पति सनातन मरांडी ने मनोहरपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी। आवेदन में दो अज्ञात युवकों पर अपहरण की आशंका जताते हुए कांड संख्या 38/2026 दर्ज किया गया। अपहृत बच्चियों में दो शिकायतकर्ता की बेटियां हैं, जबकि तीसरी बच्ची उसी गांव की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने मनोहरपुर थाना प्रभारी एनुवाल एक्का के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया। इस टीम ने टेक्निकल टीम और सशस्त्र बलों की मदद से कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों बच्चियों को सुरक्षित ढूंढ निकाला। इसके साथ ही दोनों नाबालिग बालकों को हिरासत में लेकर वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।

Tags - Missing Minor Girls Child Safety Missing Case West Singhbhum police