logo

पश्चिमी सिंहभूम में एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या, जंगल में गाड़े गए शव; टांगी के साथ दो गिरफ्तार

Screenshot_2026-08-29_182825.jpg

पश्चिमी सिंहभूम 
पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर शवों को जंगल में गाड़ दिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों मृतकों के शव बरामद करने के साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
26 अगस्त को दर्ज कराई गई थी शिकायत
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को रजिया दोरायबुरू ने टोंटो थाना में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि केंजरा टोला तारोबुरू निवासी उसके परिवार के तीन सदस्य राजिन दोरायबुरू (40), जानो दोरायबुरू (38) और उनके बेटे कांडे दोरायबुरू (12) की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी और शवों को छिपा दिया है। शिकायत के आधार पर टोंटो थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
विशेष टीम ने दो आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जांच के दौरान केंजरा टोला तारोबुरू से बौज दोरायबुरू (19) और मुचिया दोरायबुरू (20) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में हत्या की बात कबूली
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से तीनों मृतकों के शव बरामद किए। घटनास्थल के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जमीन विवाद को बताया जा रहा हत्या का कारण
पुलिस की प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है। वहीं, तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज लाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

Tags - West Singhbhum News Tonto Murder Case Land Dispute Murder Jharkhand Crime News Triple Murder