आमड़ापाड़ा/पाकुड़:
पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड के मुख्य बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े 3 हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने किशुन वर्मा ज्वेलर्स में घुसकर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पल्सर बाइक से पहुंचे अपराधियों ने दुकान में घुसते ही फायरिंग कर दहशत फैला दी और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। अपराधियों ने दुकान में मौजूद आकाश वर्मा को निशाना बनाकर गोली चलाई। आकाश ने झुककर अपनी जान बचाई और घर की ओर भागे। अपराधियों ने उनका पीछा करते हुए दूसरी गोली भी चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद बदमाशों ने दुकान से जेवरात समेटे और भाग निकले।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है जिसमें साफ देखा जा सकता कि रेनकोट पहने 3 नकाबपोश बदमाश आए। उन्होंने दुकान में घुसकर हथयिार लहराया। दुकानदार को लक्ष्य बनाकर फायरिंग की और गहने समेत नकदी समेटकर भाग निकले।

भागते हुए रास्ते में भी की फायरिंग
बताया जाता है कि पीछा करने की कोशिश करने पर रास्ते में भी फायरिंग की और बासमती-डूमरघट्टी की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा और एसडीपीओ विजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अपराधियों के भागने वाले संभावित रास्तों पर वाहन जांच और नाकाबंदी के साथ विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
एसपी अनुदीप सिंह ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह भी अमड़ापाड़ा पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि लूटे गए सामान का आकलन दुकानदार द्वारा किया जा रहा है। लिखित विवरण मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराधी बच नहीं पाएंगे और पुलिस जल्द उन्हें गिरफ्तार करेगी।