गुमला
गुमला जिले के सीलम स्थित रिमांड होम से शुक्रवार सुबह तीन किशोर फरार हो गए। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि तीनों किशोर सुबह करीब छह बजे रिमांड होम की दीवार फांदकर भाग निकले। जानकारी के अनुसार, किशोरों ने चादर को रस्सी की तरह इस्तेमाल किया और उसे दीवार पर लगे लोहे के एंगल में फंसाकर फरार होने में सफल रहे। फरार किशोरों में दो लोहरदगा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि एक घाघरा क्षेत्र का रहने वाला है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तीनों किशोरों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया है ताकि जल्द से जल्द उन्हें पकड़ा जा सके।
