logo

जामताड़ा में चोरों ने एक ही रात 3 बंद घरों को बनाया निशाना, छठ में परिवार गया था बाहर

जामताड़ा में चोरों ने एक ही रात 3 बंद घरों को बनाया निशाना, छठ में परिवार गया था बाहर

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में तीन बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना सीताकाटा डुमरिया रोड के पास की है। बताया जा रहा है कि छठ पूजा के कारण सभी पीड़ित परिवार अपने-अपने घरों से बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने बंद मकानों के ताले तोड़े और नकदी समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह जब परिवार के लोग वापस लौटे, तो घरों के दरवाजे और ताले टूटे मिले। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। चोरों ने भारतीय स्टेट बैंक की कुरबा शाखा में कार्यरत क्लर्क रोशन यादव और कर्माटांड़ शाखा के क्लर्क आशीष गुप्ता के किराये के मकानों को निशाना बनाया। इन दोनों घरों से करीब 30 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा गांव की संध्या देवी के घर से भी नकदी और जेवरात चुरा लिए गए। वहीं, पास में रहने वाले सुरेश मंडल के घर का ताला भी चोरों ने तोड़ दिया, लेकिन वहां वे चोरी करने में सफल नहीं हो सके। फिलहाल सभी घरों से चोरी हुए सामान का पूरा ब्योरा सामने नहीं आया है।


एक रात में तीन घरों में चोरी से पुलिस गश्ती पर सवाल
एक ही रात में कई बंद घरों में चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कर्माटांड़ पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि चोरों ने बेखौफ होकर एक के बाद एक घरों को निशाना बनाया और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। इधर, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पीड़ित परिवारों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद चोरी हुए नकदी और सामान का सही आकलन हो सकेगा। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

Tags - Jamtara theft Karmatand Police Station house burglary SBI clerks Chhath Puja Jharkhand crime