गुमला
गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है. सूचना मिलने पर चैनपुर थाना के एसआई धर्मपाल संतोष लगून मौके पर पहुंचे और गुरुवार को तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. मृतकों की पहचान आकाशी उजड़ा गांव निवासी अक्षय केरकेट्टा (19), आर्यन टोप्पो (18) और संजीत केरकेट्टा (18) के रूप में हुई है. बताया गया कि अक्षय केरकेट्टा ने वर्ष 2026 में संत अन्ना विद्यालय से इंटर की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी. वहीं आर्यन टोप्पो संत पाट्रिक स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था, जबकि संजीत केरकेट्टा दसवीं पास करने के बाद दो वर्ष पहले पढ़ाई छोड़ चुका था.
परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे तीनों दोस्त एक बाइक पर सवार होकर चैनपुर से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान डढ़गांव के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित आम के पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि तीनों युवक किसी शादी समारोह में शामिल होने गए थे और वहां से लौटने के दौरान हादसे का शिकार हो गए. स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. साथ ही नशे की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
