द फॉलोअप, जमशेदपुर:
Jharkhand News: खासमहल-गोविंदपुर सड़क निर्माण (Road Construction) कार्य में हो रही देरी के खिलाफ भाजपा (BJP) परसुडीह मंडल ने रविवार को हस्ताक्षर अभियान (Signature Campaign) चलाया। चांदनी चौक परसुडीह, त्रिवेणी टॉवर चौक और मकदमपुर रेलवे फाटक चौक पर आयोजित हस्ताक्षर अभियान में हजारों स्थानीय लोगों ने हिस्सा लेकर सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग का समर्थन किया। भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में चलाये गये अभियान में स्थानीय लोगों ने हस्ताक्षर कर सड़क निर्माण में तेजी लाने और गुणवत्तापूर्ण काम सुनिश्चित करने की मांग की।

सड़क से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी
भाजपा नेताओं का कहा कि लंबे समय से निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण सड़क से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान भाजपा नेता राम सिंह मुंडा ने कहा कि करीब 18 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बन रही यह सड़क क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा रहने से जनता को परेशानी (Inconvenience to the public) हो रही है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। जनता के पैसे का सही इस्तेमाल हो और सड़क टिकाऊ बने, यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
.jpeg)
भाजपा शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी
राम सिंह मुंडा ने कहा कि सड़क निर्माण में किसी तरह की अनियमितता या लापरवाही (Irregularity or negligence) के खिलाफ भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएगी। वहीं मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान में जिस तरह लोगों का समर्थन मिला है, उससे साफ है कि क्षेत्र की जनता सड़क निर्माण जल्द पूरा होने का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने तक भाजपा शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी। अभियान में जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, पंचायत समिति सदस्य रूद्र मुंडा समेत भाजपा के कई नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।