द फोलोअप डेस्क:
Jharkhand News: झारखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार पहली से आठवीं कक्षा तक के 33 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को नए स्कूल बैग देने जा रही है। स्कूल किट योजना के तहत सत्र 2027-28 में बच्चों को मजबूत और आकर्षक बैग बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे। इस योजना पर करीब 50 करोड़ 63 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। कक्षा के अनुसार अलग-अलग रंग के बैग इस योजना की खास बात यह है कि बच्चों की कक्षा के अनुसार अलग-अलग रंग और आकार के बैग दिए जाएंगे। पहली और दूसरी कक्षा के बच्चों को 14 इंच का गुलाबी बैग मिलेगा। वहीं तीसरी से पांचवीं कक्षा के बच्चों को 15 इंच का आसमानी रंग का बैग दिया जाएगा। जबकि छठी से आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को 16 इंच का गहरे नीले रंग का बैग मिलेगा।

बैग की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान
सरकार ने स्कूल बैग की गुणवत्ता और मजबूती को लेकर विशेष मानक तय किए हैं। बैग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री पूरी तरह स्वदेशी होगी। बैग वाटरप्रूफ होंगे और इनमें मजबूत कपड़े के साथ विशेष कुशन वाली पट्टियां लगाई जाएंगी, ताकि बच्चों के कंधों पर ज्यादा दबाव न पड़े। इसके अलावा हर बैग में पानी की बोतल रखने के लिए अलग पॉकेट और बच्चे का नाम, स्कूल व मोबाइल नंबर लिखने के लिए नेमप्लेट भी होगी।
रांची के 1 लाख 41 हजार बच्चों को मिलेगा लाभ
इस योजना के तहत राज्य के सभी 24 जिलों में कुल 33 लाख 39 हजार 234 स्कूल बैग वितरित किए जाएंगे। गिरिडीह में सबसे अधिक करीब 3 लाख 5 हजार बच्चों को बैग मिलेगा। इसके बाद पलामू, देवघर, पश्चिमी सिंहभूम और गढ़वा का स्थान है। वहीं राजधानी रांची के 1 लाख 41 हजार 503 छात्र-छात्राओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। सरकार का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह बढ़ाना है।