logo

झारखंड में ठंड से मिलेगी राहत, 4 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान

ूपोल्3.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में फिर मौसम में बदलाव हो सकता है। कई क्षेत्रों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर दिख सकता है। ऐसे में आसमान में बादल छाए रहेंगे और ठंड से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 20 जनवरी को आसमान साफ रहेगा। तापमान में कुछ बढ़ोतरी भी होगी। 22, 23 और 24 जनवरी को राज्य के उत्तरी भाग के अंतर्गत आने वाले पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा क्षेत्र में आंशिक बादल छाए रहेंगे। हालांकि, रांची में अगले पांच दिनों तक आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी भी होगी। 


रविवार 19 जनवरी को राज्य का अधिकतम तापमान पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा और सरायकेला में रिकॉर्ड हुआ। जहां पारा 31 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ा। चाईबासा में आज भी अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 ℃ अधिक रिकॉर्ड हुआ। इसी तरह रांची का अधिकतम तापमान 25.6℃ रिकॉर्ड हुआ जो सामान्य से 1.4 ℃ अधिक रहा। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2 ℃ अधिक जाकर 29.2 ℃ रिकॉर्ड हुआ। डाल्टनगंज का अधिकतम तापमान 28℃ और बोकारो का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य अधिकतम तापमान से क्रमश 2.4 ℃ और 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस दौरान राज्य में सबसे कम तापमान 6.9 ℃ खूंटी में रिकॉर्ड किया गया। 


राज्य के 10 जिलों का न्यूनतम तापमान अभी भी 10 डिग्री से नीचे है। ऐसे में शाम होते ही कनकनी बढ़ जाती है। सबसे अधिक परेशानी खूंटी, सिमडेगा और जगन्नाथपुर क्षेत्र में है क्योंकि, खूंटी का न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री, सिमडेगा का 7.9 डिग्री और जगन्नाथपुर का 7.6 डिग्री दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान कनकनी से लोग परेशान रहे। हालांकि पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 10.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।