logo

झारखंड के कई हिस्सों में आज भी होगी बारिश, 4-6 डिग्री तक गिरेगा तापमान

वोीगेप411.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
पश्चिमी विक्षोभ के असर से झारखंड का मौसम आज भी बदला रहेगा। पिछले दो दिनों से बादल छाने और हल्की बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। आज सुबह से हजारीबाग, लातेहार, पलामू, जामताड़ा, कोडरमा, गिरिडीह और पाकुड़ में रुक-रुककर बारिश होती रही। राज्य के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से पलामू के हुसैनाबाद में एक युवक और गुमला के चैनपुर में एक छात्रा की मौत हो गई।



मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के दक्षिणी हिस्से पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के अलावा निकटवर्ती मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ ओलावृष्टि, गर्जन और तेज हवा चल सकती है। साथ ही वज्रपात की भी आशंका है। इसके अलावा राज्य के उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा चल सकती है। यहां भी वज्रपात की संभावना है। पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन, आंधी और ओलावृष्टि के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस बोकारो थर्मल में दर्ज किया गया।


कई जिलों में गर्जन और चल सकती है तेज हवा
वहीं, शनिवार को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्‌डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा के चलने के साथ ही वज्रपात की आशंका है।